इस्कॉन फ़रीदाबाद ने अयोध्या की ओर जाने वाली पदयात्रा का बहुत ही हर्षोल्लास से स्वागत किया

फरीदाबाद, 10 दिसम्बर। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) फ़रीदाबाद ने ईस्ट ऑफ़ कैलाश, नई दिल्ली में इस्कॉन मंदिर से शुरू हुई भव्य पदयात्रा का बहुत ही हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।  इस भव्य पदयात्रा में रूस, मॉरीशस और विभिन्न अन्य देशों के लगभग 100 श्रद्धालु शामिल थे। जिनका स्वागत  बीरेंद्र सिंह सांगवान  (मुख्य फार्मेसी अधिकारी, फरीदाबाद),  विनोद गुप्ता (जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा), कमल शर्मा (आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, अशोक एन्क्लेव सी ब्लॉक) और फ़रीदाबाद मंदिर के अध्यक्ष गोपीश्वर दास सहित लगभग 200 भक्तों ने बहुत ही उत्साह पूर्वक स्वागत सत्कार किया।
इस 635 किलोमीटर लम्बी पवित्र आध्यात्मिक पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य श्रीराम जी की जन्मस्थली अयोध्या तक पहुंचना है, जहां वर्तमान में भगवान श्रीराम को समर्पित एक विशाल मंदिर निर्माणाधीन है।  यह आध्यात्मिक पदयात्रा रास्ते में विभिन्न गांवों और कस्बों में 41 स्थानों पर रुकेगी। प्रत्येक पड़ाव पर यात्रा में सम्मिलित भक्तगण कीर्तन और आध्यात्मिक कथा के माध्यम से भगवान राम के दिव्य संदेश को साझा करेंगे और स्थानीय समुदायों को प्रसाद वितरित करेंगे। मंदिर के अध्यक्ष गोपेश्वर दास ने कहा, “भगवान राम की शिक्षाएं समर्पण (भक्ति), निःस्वार्थ सेवा (सेवा), और करुणा (दया) के मूल्यों पर जोर देती हैं।
जो आध्यात्मिक जीवन के लिए मार्गदर्शक प्रकाश प्रदान करती हैं। भगवान श्रीराम के दिव्य संदेशों को घर -घर तक पहुंचाने के लिए इस्कॉन ने इस भव्य पदयात्रा का आयोजन किया है।” यह पदयात्रा 20 जनवरी, 2024 को अयोध्या पहुंचेगी, जहां 26 फरवरी तक, प्रतिदिन 5000 तीर्थयात्रियों को मुफ्त दोपहर का भोजन प्रदान किया जायेगा और सभी भक्तों द्वारा तीर्थयात्रियों संग सड़कों पर नाम संकीर्तन किया जायेगा। इस्कॉन द्वारा तीर्थयात्रियों को मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं भी प्रदान की जायेगी। यह यात्रा केवल एक भौतिक अभियान नहीं है बल्कि एक आध्यात्मिक यात्रा है जिसका उद्देश्य एकता, भक्ति और निस्वार्थ सेवा को बढ़ावा देना है। आज इस भव्य पदयात्रा ने अपनी उपस्थिति से फ़रीदाबाद को गौरवान्वित किया, जहाँ भक्तगणों ने कीर्तन और कथा का आनंद लिया। यह यात्रा कल प्रातः 9 बजे अपने अगले चरण के लिए बल्लभगढ़ की ओर प्रस्थान करेगी।
हमें यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि इस दिव्य यात्रा को जारी रखने के लिए ध्वजारोहण समारोह का संचालन देवेन्द्र चौधरी (स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ, भाजपा) और अनिल नागर (जिला उपाध्यक्ष भाजपा, फरीदाबाद) जैसे सम्मानित व्यक्तित्व द्वारा किया गया। जिनका समर्थन इस पवित्र आयोजन के महत्व को बढ़ाता है। इस पदयात्रा का नेतृत्व, राष्ट्रीय पदयात्रा के संयोजक और पदयात्रा में 20 वर्षों के अनुभव वाले अनुभवी श्रीमान रूप गोस्वामी प्रभु व श्रीमान ऋतुद्वीप गौरचंद्र प्रभु, प्रबंधक इस्कॉन पदयात्रा समिति (यूपी विंग) द्वारा बहुत ही कुशलतापूर्वक किया गया।

Related Articles

Back to top button