सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला :
सूरजकुंड मेले में कलाकारों ने चौपाल पर बिखेरी कला और संस्कृति की छटा, नृत्य से जीता पर्यटकों का दिल
सूरजकुंड (फरीदाबाद)। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की विभिन्न चौपालों पर देश-विदेश से आए कलाकार अपनी समृद्ध संस्कृति की छटा बिखेर रहे हैं। मंगलवार को छोटी और बड़ी चौपाल पर विभिन्न राज्य और देशों के कलाकारों ने गायन, वादन व नृत्य कला से दिनभर पर्यटकों का मनोरंजन किया। मुख्य चौपाल पर मध्यप्रदेश के कलाकारों ने घनघोर नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं कोमोरोस से आए कलाकारों ने उत्सव नृत्य कर चौपाल में बैठे पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
थीम स्टेट ओडिशा के कलाकारों ने छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी। यह नृत्य भारत का एक लोकप्रिय जनजातीय नृत्य है। यह नृत्य मार्शल आर्ट और लोक परंपराओं से प्रेरित है।
वहीं असम से आए कलाकारों ने बीहू नृत्य से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। घाना से आए कलाकारों ने नकाबोम डांस की प्रस्तुति दी और किर्गिस्तान ने अरूके नृत्य की प्रस्तुति दी। अफ्रीका के पश्चिमी देश टोगो के कलाकारों ने सुंदर झलकियों का रंग अपने गायन व नृत्य कला के माध्यम से चौपाल पर बैठे सभी पर्यटकों पर बिखेरा।
इसी प्रकार मंगलवार को मेले की छोटी चौपाल भी गुलजार रही। हरियाणा कला परिषद द्वारा छोटी चौपाल पर दिनभर लोक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। छोटी चौपाल पर रोहतास एंड पार्टी व नरेश चौहान एंड पार्टी द्वारा हरियाणवी रागनी तथा अंकित एंड पार्टी द्वारा क्लासिकल डांस परफॉर्मेंस दी गई। वहीं हरियाणवी आर्केस्ट्रा, ग्रुप डांस, सोलो डांस, कथक, हिंदी गीत की प्रस्तुति भी दी गई।