आतिशी सड़कों पर हिरनी जैसी घूम रहीं: बिधूड़ी

दिल्ली की कालकाजी सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने एक बार फिर सीएम आतिशी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आतिशी दिल्ली की सड़कों पर हिरनी के जैसे घूम रही हैं।

बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल शीशमहल में रहते हैं। 2 करोड़ की कार चलाते हैं। उन्होंने शीला दीक्षित को जेल नहीं भेजा, बल्कि सोनिया गांधी की गोद में बैठ गए। केजरीवाल दिल्ली जल बोर्ड के 8 करोड़ हजम कर गए।

इससे पहले 5 जनवरी को भी बिधूड़ी ने रोहिणी में हुई भाजपा की परिवर्तन रैली में कहा था कि आतिशी ने अपना बाप बदल लिया है। वे मार्लेना से सिंह बन गई हैं।

उसी दिन भाजपा नेता ने प्रियंका गांधी पर कहा था कि जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा। हालांकि, बाद में बिधूड़ी ने बयान को लेकर माफी मांग ली थी।

 

आतिशी प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ी थीं
बिधूड़ी के बयान के बाद 6 जनवरी को आतिशी प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ी थीं। उन्होंने कहा था कि, ‘भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी मेरे 80 साल के पिता को गाली दे रहे हैं। क्या आप चुनाव के लिए इतनी गंदी राजनीति करेंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस देश की राजनीति इतनी गिर सकती है।’

आतिशी ने कहा, ‘मैं रमेश बिधूड़ी से कहना चाहती हूं, मेरे पिता पूरी जिंदगी शिक्षक रहे हैं। उन्होंने हजारों गरीब बच्चों को पढ़ाया है। अब उनकी उम्र 80 साल हो चुकी है और वे इतनी गंभीर स्थिति में हैं कि बिना सहारे चल भी नहीं सकते। रमेश बिधूड़ी अब ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं कि एक बुजुर्ग व्यक्ति को गालियां देकर वोट मांग रहे हैं।’

इसे लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने X पर कहा कि बीजेपी के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दीं। बीजेपी के नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी।

 

You might also like