नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश; पुलिस ने चार और आरोपी खन्ना पंजाब से किया गिरफ्तार

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने एक बड़े नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के सदस्य देश के अलग-अलग हिस्सों में नकली नोटों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में छह लाख के नकली नोट, नोट छापने की मशीन, डाई, लैपटॉप और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

इस गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ, जब 31 मार्च की रात को अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने आईएमटी से दो व्यक्तियों योगेश महावीर कॉलोनी, बल्लभगढ़ और विष्णु गांव सुनहेरा भरतपुर राजस्थान को 500 के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान योगेश के पास से 500 के 200 नकली नोट और विष्णु के पास से 500 के 188 नकली नोट बरामद किए। दोनों के खिलाफ थाना सदर बल्लभगढ़ में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। दोनों ने बताया कि फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में वे खन्ना पंजाब से तीन लाख के नकली नोट लेकर आए थे, जिनके बदले में उन्होंने एक लाख की वास्तविक रकम दी थी। इन नकली नोटों में से 1.06 लाख बाजार में चला भी चुके थे।

पूछताछ में सामने आया कि विष्णु की मुलाकात रोहतक जेल में सौरभ वार्ड नंबर 5 अमलोह जिला फतेहगढ़ साहिब पंजाब से हुई थी। जेल से छूटने के बाद सौरभ ने उसे प्रगट शहर खन्ना लुधियाना पंजाब से मिलवाया। जिसने बताया कि उसका दोस्त शुभम उर्फ शिवा खन्ना पंजाब के पास नकली नोट हैं, जो हूबहू असली जैसे लगते हैं। इसके बाद योगेश और विष्णु ने शुभम से संपर्क कर तीन लाख के नकली नोटों की डील की।

शाखा की टीम ने दो अप्रैल को सौरभ, प्रगट और शुभम को खन्ना पंजाब से गिरफ्तार कर फरीदाबाद लाया और पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में शुभम ने खुलासा किया कि वह नकली नोट राजेश उर्फ बबलू गुरु हरिकिशन कॉलोनी खन्ना पंजाब के साथ मिलकर बनाता है। चार अप्रैल को अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए राजेश उर्फ बबलू को भी खन्ना पंजाब से गिरफ्तार किया। उसके ठिकाने से एक लैपटॉप, प्रिंटिंग मशीन, नकली नोट छापने की डाई, अन्य उपकरण और लगभग छह लाख के नकली नोट बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच के एसीपी अमन यादव ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर था और नकली नोट हूबहू असली की तरह दिखते थे। आरोपी इन नोटों को बाजार में चलाकर असली नकदी जुटा रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस अभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही और गिरफ्तारियों की उम्मीद है।

You might also like