पंकज पूजन रामपाल और सोहनपाल सिंह बने भाजपा जिला अध्यक्ष

पंकज पूजन रामपाल बने भाजपा फ़रीदाबाद के ज़िला अध्यक्ष और सोहनपाल सिंह बने बल्लभगढ़ के जिला अध्यक्ष - जिला चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जरावता ने की जिला अध्यक्षों, पंकज पूजन रामपाल एवं सोहनपाल सिंह के नाम की घोषणा

 फ़रीदाबाद  I फरीदाबाद भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ पर फरीदाबाद जिले के चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जरावता ने फरीदाबाद के दोनों नव निर्वाचित जिला अध्यक्षों पंकज पूजन रामपाल और सोहनपाल सिंह के नामों की घोषणा की और दोनों जिला अध्यक्षों को उनके निर्वाचन पर  बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की I दोनों जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं  ने ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों का स्वागत किया और उनको मिठाई खिलाकर ख़ुशी मनाई I चुनाव प्रक्रिया के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली द्वारा  ज़िला अध्यक्षों की सूची जारी करने के बाद जिला चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जरावता ने फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ के दोनों जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की I इस अवसर पर जिला प्रभारी नरेन्द्र वत्स, जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला चुनाव सह अधिकारी नीरा तोमर एवं सुरेन्द्र जांगड़ा, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, वरिष्ठ भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चे. विभाग, प्रकोष्ठ के कार्यकर्त्ता, पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे और सभी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी I

बल्लभगढ़ के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह युवा मोर्चा के समय से ही भाजपा के साथ जुड़े रहे हैं और 2012 में भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रहने के साथ, भाजपा जिला महामंत्री और प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों पर रहे हैं और पार्टी संगठन के लिए अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करते हुए संगठन को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं I 2019 में पार्टी की टिकट से पृथला विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं I

फरीदाबाद के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भाजपा के पुराने कार्यकर्त्ता हैं, संगठन की सबसे छोटी इकाई बूथ के कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी के साथ जुड़े रहे और वर्षों से पार्टी संगठन में विभिन्न पदों पर रहे हैं एवं पार्टी संगठन में समय समय पर कई दायित्वों का निर्वहन किया है I  पिछले दो बार से भाजपा जिला उपाध्यक्ष के पद पर कार्य कर रहे हैं और संगठन पर्व में जिला सक्रिय सदस्यता संयोजक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं I

लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से किया जिला अध्यक्षों का किया चुनाव : सत्य प्रकाश जरावता

जिला चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि एक लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रदेश की चुनाव टीम ने पूर्ण पारदर्शी तरीके से एक-एक कार्यकर्त्ता के पास पहुंचकर, कार्यकर्ताओं को चयनित कर, संगठन के सभी पहलुओं पर मंथन कर, संगठन पर्व के तहत संगठन के चुनाव करवाए और फरीदाबाद जिले में सभी 29 मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ के दो जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया को पूर्ण किया है I भाजपा पार्टी के लिए यह बड़े सम्मान और गर्व की बात हैं कि जिला अध्यक्ष के लिए फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से 39 कार्यकर्ताओं के नामांकन प्राप्त हुए I पद सिर्फ 2 हैं, इसलिए 2 कार्यकर्ताओं को छोड़कर बाकि कार्यकर्ताओं ने अपने नामांकन वापस लेकर सर्वसम्मति से पंकज पूजन रामपाल  और सोहनपाल सिंह को जिला अध्यक्ष चुना I  श्री जरावता ने कहा कि भाजपा फरीदाबाद जिला  संगठनात्मक दृष्टि से बेहद मजबूत जिला है I  पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा से लेकर जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा के साथ काम करने का मेरा एक लम्बा अनुभव रहा है I जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा के जिला अध्यक्ष के तौर पर एक साल के कार्यकाल में भाजपा ने  लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की है I

भाजपा के सभी कार्यकर्त्ता निष्ठावान, मेहनती और खासियत से भरे हुए हैं कार्यकर्त्ता : नरेन्द्र वत्स

भाजपा फरीदाबाद के जिला प्रभारी नरेन्द्र वत्स ने कहा कि फरीदाबाद जिला संगठन की दृष्टि से एक मजबूत और बड़ा जिला है और प्रदेश संगठन में संगठनात्मक दृष्टि से जिले को दो  हिस्सों में विभाजित किया गया है ताकि संगठन के कामों को और बेहतर तरीके से किया जा सके I संगठन की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती हैं, कौन कार्यकर्ता कब सामने से मंच पर आ जाये और कौन मंच से सामने आकर  बैठ जाये, यह खूबसूरती केवल  भारतीय जनता पार्टी में ही  हैं I  भाजपा के सभी कार्यकर्त्ता निष्ठावान, मेहनती और खासियत से भरे हुए हैं और इन्ही सब कार्यकर्ताओं में से दो कार्यकर्ताओं को  जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है I भाजपा में कार्यकर्त्ता की जिम्मेदारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, सिर्फ दायित्व  बदलते रहते हैं I  कार्यकर्त्ता को  कभी कोई जिम्मेदारी, कभी कोई जिम्मेदारी दी जाती है और पंकज पूजन रामपाल और सोहनपाल सिंह को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है I पार्टी संगठन को पूर्ण विश्वास हैं कि उनके नेतृत्व में फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जिले संगठनात्मक  दृष्टि से और अधिक मजबूत होंगे और संगठन का कार्य सुचारू तरीके से चलेगा I उन्होंने दोनों जिला अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की I

पंकज पूजन रामपाल और सोहनपाल सिंह संगठन को करेंगे और अधिक मजबूत : राजकुमार वोहरा

इस अवसर पर निवर्तमान जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने कहा कि जनवरी 2024 में मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्त्ता को सम्मान देते हुए पार्टी ने जिला अध्यक्ष का दायित्व दिया था आप सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से सभी ने मिल जुलकर पार्टी द्वारा दिए गए हर कार्य को पूर्ण निष्ठा के साथ पूर्ण किया  I श्री वोहरा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा की उन्होंने चाहे अल्पकाल के लिए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, मैंने अपने जिले के साथी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उस जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन किया और इस दौरान जो कार्य किये वो रिकॉर्ड  बन गए, हम लोकसभा चुनाव भी भी जीते, विधानसभा जीतकर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाई और नगर निगम चुनाव में 39 पार्षद भी जीते और मेयर चुनाव में देश की सबसे बड़ी जीत दर्ज की I राजकुमार वोहरा ने अपनी जिले की टीम और अपने साथी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया I श्री वोहरा ने कहा कि पार्टी संगठन में एक कार्यकर्त्ता का पद सबसे बड़ा पद है और मैं पार्टी का एक निष्ठावान कार्यकर्त्ता हूँ, मेरे लिए संगठन का निर्णय ही सर्वोपरि है  I श्री वोहरा ने दोनों जिला अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनयें प्रेषित करते हुए कहा कि पंकज पूजन रामपाल और सोहनपाल सिंह संगठन को और अधिक ऊँचाइयों पर लेकर जायेंगे और संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे  I

सोहनपाल सिंह एवं पंकज पूजन रामपाल ने शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा नेताओं का किया आभार व्यक्त

दोनों नव निर्वाचित जिला अध्यक्षों सोहनपाल सिंह और पंकज पूजन रामपाल ने  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राजेश नागर,  विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, धनेश अदलखा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, चुनाव अधिकारियों, वरिष्ठ भाजपा नेताओं, पूर्व विधायकों  और राष्ट्रीय व प्रदेश भाजपा संगठन एवं साथी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया  I

इस अवसर पर  पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि भाजपा संगठन ने मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को ज़िला अध्यक्ष का दायित्व देकर  ना केवल मुझे सम्मान दिया है अपितु भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है I यह  केवल भाजपा में ही संभव हैं कि मंच के सामने बैठने वाले साधारण कार्यकर्त्ता कब मंच पर आ जाते हैं और मंच पर बैठे कार्यकर्त्ता कब सामने आकर बैठ जाते हैं, इसे कई बार चरितार्थ होते देखा है और यह आज भी चरितार्थ हुआ है  I श्री रामपाल ने कहा कि बल्लभगढ़ जिले के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जिला संगठन को मजबूत करेंगे, पार्टी संगठन की कार्यशैली को मजबूत करने और संगठन की कार्य योजनाओं को क्रियान्वित कर संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे I

श्री सोहनपाल सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन में जब भी कोई दायित्व मिलता है, वो कोई बड़ा ओहदा नहीं होता बल्कि काम करने का चेलेंज होता है I पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्त्ता को बड़ा दायित्व देकर कार्य करने का बड़ा मौका दिया है I संगठन में  जब भी बड़ा दायित्व मिलता है तो ख़ुशी तो होती हैं लेकिन उसे पूरा करने का चेलेंज भी होता है और भय भी लगता कि इतने बड़े दायित्व को निभा पाएंगे या नहीं, लेकिन आप जैसे इतने मजबूत साथियों के ख़ुशी भरे चेहरे देखकर सभी शंकाएं समाप्त हो जाती हैं I  श्री सोहनपाल सिंह ने कहा कि वह पूर्ण ज़िम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे और फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल के साथ मिलकर पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा, मेहनत और कौशल के साथ भाजपा संगठन को आगे बढ़ायेंगे I

You might also like