दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन नहीं: केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (AAP) अकेले अपने दम पर लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।

दिल्ली में विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। यानी अगले साल जनवरी में किसी भी समय विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। फरवरी में चुनाव होंगे और नई सरकार का गठन होगा।

लोकसभा चुनाव से पहले आप और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन INDIA का हिस्सा हैं। दिल्ली में लोकसभा चुनाव दोनों एक साथ लड़े थे। हालांकि इसमें दोनों पार्टियों को कोई भी सीट नहीं मिली। अक्टूबर में हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले AAP और कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे को लेकर समझौता नहीं हो सका था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

केजरीवाल बोले- पानी फेंके जाने की घटना के लिए शाह जिम्मेदार
केजरीवाल ने शनिवार को अपने ऊपर पदयात्रा के दौरान पानी फेंके जाने की घटना के लिए भी BJP और गृह मंत्री अमित शाह को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगा था कि अमित शाह दिल्ली की कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश देंगे, लेकिन उन्होंने मुझ पर ही हमला करा दिया।

 

दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए
केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था के लिए फिर एक बार केंद्र सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा- दिल्ली में बिजनेसमैन को फिरौती के कॉल आते हैं। पैसे न देने पर दुकान के बाहर फायरिंग हो जाती है। पिछले 2-3 साल में दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है।

इससे पहले केजरीवाल ने शुक्रवार को पंचशील पार्क में भी कानून व्यवस्था को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था- मैं अमित शाह से पूछना चाहता हूं – आप इसके खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे? जब से वे गृह मंत्री बने हैं, दिल्ली में स्थिति बद से बदतर होती चली गई है।

नरेश बाल्यान को गैंगस्टर का विक्टिम बताया

AAP विधायक नरेश बाल्यान को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई साल 2023 के जबरन वसूली मामले में की गई। केजरीवाल ने बाल्यान को गैंगस्टर का विक्टिम बताया।

केजरीवाल ने कहा कि डेढ़ साल पहले बाल्यान को लगातार फोन आ रहे थे। उनसे फिरौती मांगी जा रही थी। परिवार और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

इसके बाद बाल्यान ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई। केजरीवाल ने FIR की कॉपी भी दिखाई। उन्होंने कहा कि नरेश बाल्यान को कपिल सांगवान उर्फ नंदू के कई कॉल आए।

You might also like