भारत में सूचना क्रांति स्व. राजीव गांधी की देन : बलजीत कौशिक

कांग्रेसी नेताओं ने दी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि

फरीदाबाद। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के 80वें जन्मदिवस को  कांग्रेसी नेताओं ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने ओल्ड फरीदाबाद स्थित स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा को गंगाजल से साफ करके उस पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी अमर रहे, सोनिया गांधी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के गगनचुंबी नारे लगाकर पूरे माहौल को कांग्रेसमय कर दिया।

इस मौके पर विनोद कौशिक अध्यक्ष, विचार विभाग, हरियाणा कांग्रेस, जवाहर ठाकुर, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, राजा सैनी, साहिल मान, नवीन दलाल, कृष्ण शर्मा, एनके शर्मा, राव प्रेम, केसी कौशिक, विकास फागना आदि उपस्थित थे। उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता बलजीत कौशिक ने कहा कि राजीव गांधी भारत में सूचना क्रान्ति के जनक माने जाते हैं। देश के कम्प्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रान्ति का श्रेय उन्हें जाता है। इतना ही नहीं बल्कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन दिलवाने का काम उन्होंने ही किया। श्री कौशिक ने कहा कि मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार राजीव गांधी ने दिलवाया।

उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में राजीव गांधी के सहयोग को नकारा नहीं जा सकता, आज भारत देश जो उन्नति के शिखर पर पहुुंचा है, उसकी नींव राजीव गांधी द्वारा ही रखी गई थी। श्री कौशिक ने कहा कि राहुल गांधी स्व. राजीव गांधी के सपनों को साकार करने में जुटे है और उन्नत भारत निर्माण में अपना योगदान दे रहे है क्योंकि कांग्रेस पार्टी इस देश के विकास के लिए सदैव समर्पित रही है और समर्पित रहेगी। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी जी के आदर्शाे पर चलने का संकल्प लेते हुए देश व समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button