ठेकेदार कर रहे कर्मचारियों का जमकर शोषण : नरेश शास्त्री

निगमायुक्त की हठधर्मिता के विरूद्ध सफाई कर्मचारियों ने की आंदोलन की शुरूआत

फरीदाबाद। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की इकाई नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन ने निगम आयुक्त की हठधर्मिता एवं नियमों के विरुद्ध सफाई कर्मचारी एवं सीवर मैनो के शोषण का आरोप लगाते हुए निगम मुख्यालय पर आंदोलन शुरू कर दिया है। आज भोजन अवकाश के समय कर्मचारियों ने सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरु चरण खांडिया की अध्यक्षता में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का संचालन यूनियन के सचिव कृष्ण चिंडालिया ने किया। प्रदर्शन में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, राज्य उपाध्यक्ष कमला, जिला के प्रधान दलीप बोहत, कार्यकारी प्रधान सुदेश कुमार व जिला सचिव अनिल चिंडालिया सर्व कर्मचारी संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर सिंह बालगुहेर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।  नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के सभी नेताओं ने निगम आयुक्त द्वारा सफाई निरीक्षक हरवीर सिंह रावत को गैर कानूनी एवं बगैर कसूर के सस्पेंड करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए तुरंत प्रभाव से बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम के पास कूड़ा उठाने के साधन ही नहीं है तो सफाई निरीक्षक कैसे कूड़ा उठावाएंगे। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निगम आयुक्त सफाई कर्मचारियों को कूड़ा उठाने के साधन दिए बगैर चार से पांच किलोमीटर दूरी तक रिक्शा खींचने के लिए महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों को मजबूर कर रही हैं,

जो अमानवीय होने के साथ-साथ सफाई कर्मचारी सेवा नियमों के विरुद्ध भी है।  श्री शास्त्री ने निगम प्रशासन एवं निगम आयुक्त पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय में सिविल मूल क्षेत्राधिकार रिट याचिका सिविल नंबर 2003 का 583 के संदर्भ में 27 मार्च 2014 को दिए गए फैसले के अनुसार सीवर में उतरकर मैन्युअल कार्य न करने के आदेशों की भी उल्लंघन करने का भी आरोप लगाते  हुए कहा कि नगर निगम के क्षेत्र में सीवर का कार्य ठेकेदारों को दिया गया है। ठेकेदार इस कार्य में लगे कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं वही मोटा घोटाला भी किया जा रहा है।

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की उल्लंघन करते हुए सीवर मैनो  से बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर में उतार कर कार्य करवा जा रहा है, जिस कारण लगातार कई मौते हो चुकी है।  नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने मांग की है कि इस उत्पीडऩ पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए अन्यथा नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा मानव आयोग, एससी एसटी आयोग एवं सफाई कर्मचारी आयोग को पत्र लिखित संबंधित अधिकारियों के खिलाफ  कार्रवाई की मांग करेगा।

सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गुरचरण खंडिया ने चेतावनी दी है कि तुरंत प्रभाव से सभी सेवानिवृत कर्मचारियों के लाभ दिए जाएं अन्यथा शुक्रवार 9 अगस्त को निगम मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। आज के प्रदर्शन में अन्य के अलावा कर्मी नेता दर्शन सोया, रघुवीर चौटाला, महेंद्र कुडिय़ा, प्रेमपाल, श्रीपाल मोरिया, धर्म सिंह मुल्ला, ज्ञानवती, कमल, नीतू, रोशनी, कमलेश आदि ने भी भाग लिया।

Related Articles

Back to top button